भाजपा विरोधी वोट के लिए तृणमूल एकमात्र विकल्प : ममता

कोलकाता, 12 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार कर रहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा है कि भाजपा विरोधी वोट के लिए तृणमूल कांग्रेस एकमात्र विकल्प है। कूचबिहार में एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मंत्री उदयन गुहा से कहा कि वो अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखें। ममता ने कहा, निशीथ प्रामाणिक आपको (उदयन गुहा) अनावाश्यक समस्याओं में फंसाने की कोशिश करेंगे। वो इसका फायदा लेकर मतदान को अपने पक्ष में कराने की कोशिश करेंगे, लेकिन आप खुद को चौकस रखें। तैयार रखें। आपके क्षेत्र में शांति बनी रहे।

निशीथ प्रमाणिक कूचबिहार निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के मौजूदा लोकसभा सदस्य हैं, जिन्हें उनकी पार्टी ने इस सीट से फिर से मैदान में उतारा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर इंडी ब्लॉक के साथ हमारी सहमति है, लेकिन जब बात पश्चिम बंगाल की आती है, तो भाजपा, कांग्रेस और माकपा तृणमूल के एक समान विरोधी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, एक बात याद रखिए। अगर आप भाजपा के खिलाफ वोट करना चाहते हैं, तो तृणमूल को छोड़कर कोई दूसरा विकल्प नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी से यह साफ जाहिर होता है कि भाजपा एक आदिवासी विरोधी पार्टी है।

मुख्यमंत्री ममता ने कहा, सोरेन एकमात्र ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो कि आदिवासी समुदाय से आते हैं। अब उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। यहां पश्चिम बंगाल में भी भाजपा लगातार हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को गिरफ्तार कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर