निरंकुश सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एकजुटता के साथ करें कार्य : अविनाश पांडेय

लखनऊ, 12 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व उप्र के प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि जो समझौता ऊपरी स्तर पर हुआ है, वह निचले स्तर के कार्यकर्ताओं में भी होना जरूरी है। सभी मिलजुलकर इस निरंकुश सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एकजुटता के साथ कार्य करें।

अविनाश पांडेय ने शुक्रवार को गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अमरोहा, बिजनौर और सहारनपुर के कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि केन्द्र की संविधान विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए सपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता मिलजुल कर काम करें। अपनी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने सभी फ्रंटल पदाधिकारियों से कहा कि वे लोग तारतम्य बनाकर घर-घर जाएं और नीतियों को बताकर लोगों से वोट की अपील करें।

राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पाण्डेय शनिवार को सुबह से शाम तक प्रदेश के जनपद शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ एवं गाजियाबाद पहुंचकर लोकसभा क्षेत्रों एवं जनपद से सम्बन्धित लोकसभा मीडिया कोऑर्डिनेटर, जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों, प्रदेश प्रभारी उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिवों, इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के साथ बैठक कर चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेन्द्र/दिलीप

   

सम्बंधित खबर