कार्यकर्ता ही पार्टी के रीढ़ होते हैं : संजय कुमार सिंह

पलामू, 13 अप्रैल (हि.स.)।पलामू लोकसभा क्षेत्र के लिए चुनाव 13 मई को होना है। भाजपा ने यहां से विष्णु दयाल राम को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं महागठबंधन ने ममता भुइयां को प्रत्याशी बनाया है। ममता भुइयां की जीत सुनिश्चित करने को लेकर दो नम्बर टाउन के राजमहल मैंरेज हौल मेें राजद ने शनिवार को पलामू संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा मुख्य रूप से उपस्थित थे। सम्मेलन की अध्यक्षता झारखंड राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिह यादव व संचालन पलामू जिलाध्यक्ष मोहन विश्वकर्मा ने किया।

यहां महागठबंधन प्रत्याशी ममता भुइयां को विजयी बनाने की अपील करते हुए राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने कहा कि पलामू की किस्मत नहीं बदली है। यह सुखाड़ से ग्रसित इलाका है। पूर्व के जनप्रतिनिधियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। मंडल डैम आज तक पूर्ण नहीं हुआ। हम राष्ट्रीय मुद्दों के साथ स्थानीय मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में हैं।

उन्होंने कहा कि पलामू समाजवादियों का गढ है। समाजवादी विचारधारा के लोग पलामू में अधिकांश रहते है। राजद सामाजिक न्याय का पक्षधर है और समाजवादी विचारधारा को लेकर चलती है। चुनाव में गठबंधन प्रत्याशी ममता भुईयां पलामू की समस्याओं को दूर करने के लिए सक्रिय भागीदारी निभायेगी। गठबंधन प्रत्याशी ममता भुईयां ने कहा कि लोकसभा चुनाव राष्ट्रीय मुद्दों के साथ-साथ स्थानीय मुद्दे पर लड़ा जायेगा।

प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार यादव ने कहा कि यह बैठक इसलिए आयोजित की गई है कि हम चुनाव में कैसे जीत हासिल कर सकें। कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए कहा कि चुनाव प्रत्याशी नहीं बल्कि कार्यकर्ता लड़ते है। कार्यकर्ता किसी भी संगठन के रीढ होते है। पार्टी के प्रति समर्पण का भाव रखते हुए गठबंधन प्रत्याशी को जीत दिलाने के संकल्प के साथ क्षेत्र में काम करने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अपने बूथ क्षेत्र में भ्रमण कर आम जनता को भाजपा की हकीकत से अवगत कराने का सुझाव दिया। महागठबंधन प्रत्याशी ममता भुइयां ने कहा कि कार्यकर्ता उत्साह से लवरेज हैं। इस बार पलामू सीट महागठबंधन के खाते में आएगी।

सम्मेलन में राजद के प्रदेश महासचिव कैलाश यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामदास सिंह यादव, पलामू प्रभारी जमीरुदीन अंसारी, फूला देवी ,रूबी ऋषि, संतोष यादव सहित काफी संख्या में राजद कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर