पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह बोले- घर-घर मोदी लहर, विकसित भारत निर्माण के लिए भाजपा को वोट करेगी जनता

- अंत्योदय, विश्व बंधुत्व एवं सर्वधर्म समभाव से आम चुनाव की नैया पार लगाएगी भाजपा

- अंबेडकर जयंती पर मोदी की गारंटी के रूप में सामने आएगा भाजपा का संकल्प पत्र

- मोदी सरकार के 10 वर्ष के रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता के बीच जाएगी भाजपा

देहरादून, 13 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ विकास के बूते भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विकसित भारत संकल्प के सिद्धी के लिए अबकी बार 400 पार करने की तैयारी में है। अंत्योदय, विश्व बंधुत्व एवं सर्वधर्म समभाव से भाजपा आम चुनाव की नैया पार लगाएगी और आने वाले समय में सनातन धर्म के मूल संस्कार और विचारधारा वसुधैव कुटुम्बकम् को साकार करेगी। वहीं सनातन संस्कृति की रक्षा को प्रतिबद्ध भाजपा राष्ट्र को परम वैभव तक ले जाएगी। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का, जो उत्तराखंड में भाजपा के प्रचार अभियान का जिम्मा संभाले हुए हैं।

भाजपा के प्रदेश मीडिया सेंटर में शनिवार को पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि शक्ति-भक्ति से लबरेज भारतीय जनता पार्टी के प्रति जनता के बीच माहौल बताता है कि देश की तरह देवभूमि भी 400 पार की गारंटी दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ ने कहा कि देवभूमि के गांव-गांव, घर-घर तक अबकी बार 400 पार का नारा सुनाई दे रहा है। चकराता से चंपावत तक और माणा से मंगलौर तक कोई भी भाजपा उम्मीदवारों की टक्कर में नहीं है। मोदी लहर इस कदर है कि विकसित भारत के निर्माण के लिए जन-जन भाजपा को वोट करने जा रही है।

विकास की रफ्तार रिकॉर्ड जीत का आधार

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ये दावा करने के पीछे कारण भी स्पष्ट है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने उत्तराखंड में इंफ्रास्ट्रक्चर और जनसुविधाओं का जो हाइवे तैयार किया है उस पर विकास की गाड़ी सुपरफास्ट दौड़ने लगी है। उन्होंने कहा कि आज ऐसा कोई परिवार नहीं है जो केंद्र या राज्य सरकार की योजना का लाभार्थी न हो। भाजपा सरकार गरीबों को समर्पित है।

केदार खंड से मानस खंड तक विश्व फलक पर शुमार

मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव का नतीजा है कि भौगोलिक एवं जनसंख्या की दृष्टि से छोटा प्रदेश होने के बावजूद यहां दो लाख करोड़ से भी अधिक की योजनाएं संचालित हो रही हैं। केदार खंड से मानस खंड तक विश्व फलक पर शुमार है। जो काम अंग्रेज उत्तराखंड के पहाड़ों पर नहीं कर पाए वह भाजपा की डबल इंजन सरकार में होने वाला है, जब 2026-27 में पहाड़ों पर रेल दौड़ती नजर आएगी। अपने परिवार जन के लिए मोदी को अनाज से लेकर इलाज तक की चिंता है।

जनता की रिकॉर्ड भागीदारी दे रही जीत की गारंटी

उन्होंने कहा कि चारधाम ऑल वेदर, एनएच, भारत माला रोड, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत हुए रिकार्ड सड़क निर्माण ने सभी दूरियों को पाट दिया है। सीमाओं पर बसे गांवों को मोदी ने पहला गांव मानकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। मोदी ने कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा, आज उसे जनता ने अपने हाथ में ले लिया है। भाजपा पहली पार्टी है, जो प्रत्येक वर्ष कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जनता के बीच प्रस्तुत करती है। अब पूरे 10 वर्ष के रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता के बीच जाएगी। भाजपा नेताओं की सभा में जनता की रिकार्ड भागीदारी ही जीत की गारंटी दे रही है।

33 हजार कार्यकर्ता कर रहे काम, घर-घर पहुंचा रहे मोदी प्रणाम

उन्होंने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत पदाधिकारी लगभग 33 हजार कार्यकर्ता के साथ मिलकर मोदी का प्रणाम जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। जब मोदी देवभूमि आए थे तो दो प्रमुख काम सौंपे थे। इसमें पहला सभी देवी-देवताओं की चौखट पर मोदी की तरफ से शीश नवाना और दूसरा मतदाताओं से मिलकर मोदी की तरफ से राम-राम कहकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना है।

मोदी ने राजनीति के केंद्र में लाया विकास का मुद्दा

क्षेत्र, जाति, भाषा, वर्ग सभी भेदभाव को दूर कर जिन्होंने विकास के मुद्दे को राजनीति के केंद्र में लाया, वह नरेन्द्र मोदी हैं। धारा-370 हटाकर अखंड भारत की मुहिम को आगे बढ़ाया। पहले सैनिकों को आतंकवादियों के विरूद्ध हथियार उठाने से पहले दिल्ली की ओर देखना पड़ता था, लेकिन मोदी ने उन्हें तत्काल करारा जवाब देने की अनुमति दी है। श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद 500 वर्षों का इंतजार खत्म हुआ तो रामराज्य भी आ गया।

कांग्रेस नेता स्वीकार चुके हैं हार, जमानत भी बचना होगा मुश्किल

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बयान पर पलटवार किया कि कांग्रेस के नेता अपनी हार स्वीकार चुके हैं, तभी वह हकीकत बयां करते हैं कि उनकी पार्टी सुस्त हो गई है और भाजपा चुस्त। हालत यह है कि जनता भी अपना कीमती वोट बर्बाद नहीं करना चाहती है। लिहाजा किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए, जब चार जून को परिणाम आए और कांग्रेस व विपक्षी उम्मीदवारों की जमानत भी न बच पाए।

जनता पूरी करने जा रही मोदी के ‘400 पार’ की गारंटी

उन्होंने बताया कि संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर 14 अप्रैल को भाजपा का संकल्प पत्र मोदी की गारंटी के रूप में सामने आएगा। ये संकल्प 24 घंटे सातों दिन देश सेवा में जुटे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा की वो गारंटी होंगी जिससे 2047 के विकसित भारत का निर्माण होगा। पूर्ण विश्वास है कि जनता के सपने पूरे करने की गारंटी मोदी की है तो मोदी के ‘400 पार’ की गारंटी जनता पूरी करने जा रही है।

टिकट न मिलने के सवाल पर बोले- भाजपा का सिद्धांत राष्ट्र प्रथम

पूर्व मुख्यमंत्री ने आम चुनाव में टिकट न मिलने के सवाल पर कहा कि भाजपा का सिद्धांत राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और स्वयं के लिए सोचना तृतीय है। पार्टी ने एमएलसी, विधायक, दायित्वधारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रभारी से लेकर मुख्यमंत्री लगभग सभी पद और भूमिका मुझे दिया।

अपमान करने वाली कांग्रेस को सबक सिखाएगी जनता

तीरथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि भी है और वीर भूमि भी। लिहाजा राष्ट्रवादी और धर्म परायण जनता ने वीर जवानों के शौर्य और सनातन संस्कृति का अपमान करने वाली कांग्रेस को एक बार फिर सबक सिखाने का मन बनाया है। पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास के मुद्दे पर राजनीति की है जबकि विपक्ष की सरकारों में विकास केवल केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन देने और अखबार में फोटो छपाने तक सीमित रहती थी।

हिन्दुस्थान समाचार / कमलेश्वर शरण/प्रभात

   

सम्बंधित खबर