भ्रष्टाचार, परिवारवाद मुक्त विकसित भारत के सपनों को साकार करने वाला है, भाजपा का संकल्प पत्र : महेश जैन

जगदलपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मंत्री एवं बस्तर लोकसभा प्रभारी महेश जैन ने भाजपा का संकल्प पत्र के संबध में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2047 के विकसित भारत और देश के सभी वर्गों की आकांक्षाओं को पूर्ण करने लिए दी गई गारंटी समृद्ध,सशक्त और सर्वजन हिताय की भावना को भाजपा का संकल्प पत्र प्रतिबिम्बित करता है।

सामाजिक समरसता दिवस डॉ.भीम राव अम्बेडकर की जयंती पर जारी भाजपा का संकल्प पत्र बाबा साहेब की आकांक्षाओं और भारत की उनकी संकल्पना को साकार करता है। तीन करोड़ नए प्रधान मंत्री आवास, 10 करोड़ स्व सहायता समूहों की महिलाओं का कौशल उन्नयन, तीन करोड़ लखपति दीदी, 70 वर्ष से ऊपर हर बुजुर्ग को पांच लाख का आयुष्मान स्वास्थ्य लाभ, माध्यम वर्ग को घर निर्माण पर सब्सिडी, स्वास्थ्य सेवाओं में रियायत, पाइप लाइन के माध्यम से सस्ती रसोई गैस सप्लाई के साथ विकसित भारत की मजबूत आधारशिला को तैयार करने में यह संकल्प पत्र पूरी तरह सफल होगा, इसे लेकर कोई संशय नहीं है।

भाजपा बस्तर लोकसभा प्रभारी जैन ने कहा कि आधारभूत संरचना के विकास में द्रुत गति से बढ़ रहे भारत का और सशक्तिकरण के लिए मैन्युफैक्चरिंग हब, ग्रीन हब, सेमी कंडक्टर निर्माण, फ़ूड प्रोसेसिंग यूनिट के विकास पर तीसरे कार्यकाल में विशेष जोर दिया जायेगा। एक देश एक चुनाव की अवधारणा को साकार करने के साथ, फसलों पर एमएसपी की वृद्धि सतत जारी रखने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को जारी रखा जायेगा।

महेश जैन ने कहा कि भाजपा अपने संकल्प पत्र के हर वादे को पूरा करने का इमानदारी से प्रयास करती है। श्रीराम मंदिर निर्माण, कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति, वन्दे भारत ट्रेन, गिफ्ट सिटी सहित अन्य कार्यों को द्रुत गति से पूरा किया जा रहा है। भाजपा का संकल्प पत्र युवा, किसान, नारी शक्ति, गरीब सहित सभी वर्गों की आकांक्षाओं के अनुरूप नए भारत के निर्माण की दिशा में निश्चित रूप से सफल होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर