अल्मोड़ा कसाण बैंड के पास खाई में गिरी कार, एक महिला की मौत

अल्मोड़ा, 15 अप्रैल (हि.स.)। धौलछीना सेराघाट मार्ग में कसाण बैंड के पास सोमवार को एक अल्टो कार गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जबकि एक महिला और 2 पुरुष घायल हो गये। ये सभी रिश्तेदार हैं । वे सभी पंतनगर और नैनीताल के रहने वाले हैं और मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे थे।

धौलछीना से 3 किमी आगे कसाण बैंड के पास यूके-04जी-0641 नंबरकी कार गहरी खाई में जा गिरी। इसी दौरान वहां से एक व्यक्ति बाइक से गुजर रहा था। उसे झाड़ियों से एक महिला की चीख पुकार की आवाज सुनाई दी। इसके बाद उसने मौके पर जाकर देखा तो एक महिला घायलावस्था में झाड़ियों में पड़ी मिली। कार में प्रमोद पंत, सुषमा, दीपा और रेखा सवार थीं। उन्होंने घटना की सूचना आसपास के लोगों को दी। सूचना के बाद धौलछीना थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंची।

थानाध्यक्ष धौलछीना सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरु किया। स्थानीय लोगो की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार में सवार घायलों को रेस्क्यू कर खाई से निकाला गया और उपचार के लिए प्राथमिक उपचार केन्द्र धौलछीना भिजवाया गया। जहां डॉक्टर ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। शेष तीनों का उपचार चल रहा हैं।

पुलिस के अनुसार मृतका की शिनाख्त रेखा पंत पत्नी सुबोध पंत निवासी नैनीताल के रूप में हुई है जबकि 52 वर्षीय दीपा पंत पत्नी प्रमोद चंद पंत नि. जवाहर नगर थाना पंतनगर उधमसिंहनगर, 50 वर्षीय सुशमा पंत पत्नी गजेन्द्र पंत निवासी डांट भीमताल, तथा 55 वर्षीय प्रमोद चंद पंत पुत्र गंगा दत्त पंत नि. जवाहरनगर थाना पंतनगर उधमसिंह नगर घायल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ प्रमोद जोशी/सत्यवान/रामानुज

   

सम्बंधित खबर