हिंदुस्तान समाचार की खबर का असर : रिषड़ा में दीवार से हटाया गया विवादित कार्टून

रिषड़ा: दीवार पर से हटाया गया विवादित कार्टून, हिन्दुस्थान समाचार ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा

हुगली, 15 अप्रैल (हि.स.)। हुगली जिले के रिषड़ा बांगुर पार्क इलाके में माकपा के समर्थन में एक विवादित दीवार लेखन को लेकर स्थानीय भाजपा पार्षद शशि सिंह झा ने सोमवार को कड़ी आपत्ति जताई थी। रिषड़ा शहर तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष मनोज साव ने इसे भाजपा और माकपा का ड्रामा करार दिया था। श्रीरामपुर लोकसभा केंद्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कबीर शंकर बोस ने भी इस विवादित कार्टून को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल खड़े किए थे। हिन्दुस्थान समाचार ने इस विषय को जोर-जोर से उठाया था। इसके बाद आनन-फानन में विवादित दीवार लेखन को हटा लिया गया।

दरअसल, रिषड़ा नगरपालिका के वार्ड संख्या 11 में गत कुछ दिनों पहले माकपा के समर्थन में एक दीवार लेखन किया गया था जिसमें ''बीजमूल हटाओ देश और राज्य बचाओ'' लिखा गया था। साथ ही एक कार्टून भी बनाया गया था जिसमें ममता बनर्जी को कमल के फूल पर खड़ा दिखाया गया था।

स्थानीय पार्षद शशि सिंह झा ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा था कि कमल का फूल एक राष्ट्रीय प्रतीक है। इसका अपमान राष्ट्र का अपमान है। इसलिए वे चुनाव आयोग से इस बारे में कार्रवाई की मांग करती हैं। श्रीरामपुर लोकसभा सीट के भाजपा उम्मीदवार कबीर शंकर बोस ने भी अपने सोशल मिडिया हैंडल पर विवादित कार्टून को शेयर कर राष्ट्रीय प्रतीक के अपमान की बात कही थी। हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी के माध्यम से यह खबर देश के विभिन्न अखबारों और न्यूज पोर्टलों पर प्रकाशित हुई। विवाद बढ़ता देख सोमवार को विवादित कार्टून और दीवार लेखन को साफ कर दिया गया। हिन्दुस्थान समाचार/धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर