मतदान कर्मियों के लंच पैकेट में बदबू, पुलिस ने आपूर्ति कर्ता को किया गिरफ्तार

बांकुड़ा, 21 अप्रैल (हि.स.)। मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण शिविर में अस्वास्थ्यकर भोजन की आपूर्ति करने के आरोप में पुलिस ने आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार कर लिया। खातड़ा थाने की पुलिस ने रविवार को भोजन आपूर्तिकर्ता शांतनु मल्लिक को गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, खातड़ा इलाके में कंसावती शिशु विद्यालय और खातड़ा गर्ल्स हाई स्कूल में मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। वहां मतदान कर्मियों के लिए भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी स्थानीय मिठाई व्यवसायी शांतनु मल्लिक को दी गई थी।

मतदान कर्मियों की शिकायत है कि खाने का पैकेट खोलने पर सड़ांध की बदबू आ रही थी। खाने लायक भोजन नहीं मिलने से मतदान कर्मियों में आक्रोश फैल गया। मतदान कर्मियों ने खातड़ा थाने में शिकायत दर्ज करवायी। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सप्लायर शांतनु मल्लिक के खिलाफ धारा 188/269/273 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हिन्दुस्थान समाचार/ गंगा

   

सम्बंधित खबर