लोस चुनाव : बुलंदशहर में दो मौजूदा सांसदों के बीच सीधी टक्कर

लखनऊ, 25 अप्रैल (हि.स.)। 18वीं लोकसभा के गठन के लिए जारी आम चुनाव के दूसरे चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर 26 अप्रैल को वोट पड़ेंगे। इन सीटों पर कहीं सीधा तो कहीं त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। लेकिन भाजपा का गढ़ माने जाने वाली बुलंदशहर सीट पर हो रहे मुकाबले की चर्चा देशभर में है। ये शायद इस चुनाव का इकलौता ऐसा मुकाबला है जहां दो वर्तमान सांसद आमने-सामने हैं। गौरतलब है कि इस सीट पर अब तक हुए 17 आम चुनाव में सबसे ज्यादा 7 बार भाजपा जीती है।

भोला सिंह बनाम गिरीश चंद्र

2024 के आम चुनाव में भाजपा ने इस सीट से दो बार जीत दर्ज करा चुके भोला सिंह को मैदान में उतारा है। उनके मुकाबले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की तरफ से नगीना (सु0) सीट से वर्तमान सांसद गिरीश चंद्र जाटव मैदान में हैं। इंडिया गठबंधन में ये सीट कांग्रेस के खाते में है। कांग्रेस ने शिवराम वाल्मीकि को मैदान में उतारकर मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है।

2019 के चुनाव का हाल

2019 के लोकसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला बीजेपी के भोला सिंह और बीएसपी के योगेश वर्मा के बीच था। भोला यहां से तत्कालीन सांसद भी थे,जबकि योगेश वर्मा बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के साझे उम्मीदवार के तौर पर मैदान में थे। भोला सिंह को चुनाव में 681,321(60.56) वोट मिले तो योगेश के खाते में 391,264 (34.78) वोट आए। कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही थी।

जातीय समीकरण

बुलंदशहर सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है। जातिगत आंकड़ों पर नजर डालें तो यहां पर ओबीसी और अनुसूचित जाति के वोटर्स निर्णायक भूमिका में रहते हैं। पिछले चुनाव के समय यहां पर करीब 2 लाख ब्राह्मण और 2 लाख के करीब ठाकुर या क्षत्रिय वोटर्स थे। जाट बिरादरी के 1.60 लाख, जाटव बिरादरी के 2.20 लाख, लोध बिरादरी के 2 लाख वोटर्स यहां पर थे। इनके अलावा करीब 3 लाख मुस्लिम वोटर्स थे। खटीक, वाल्मीकि, गुर्जर, त्यागी, कश्यप, प्रजापति, पाल (गड़रिया) जाति के वोटर्स अच्छी खासी संख्या में रहते हैं।

2024 का आम चुनाव

उप्र की संसदीय सीट संख्या 14-बुलन्दशहर (अ0जा0) लोकसभा सीट में कुल 18,59,462 मतदाता है,जिसमें 9,75,287 पुरुष मतदाता, 8,84,126 महिला मतदाता व 49 थर्ड जेण्डर हैं।

बुलंदशहर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 06 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। बहुजन समाज पार्टी से गिरीश चन्द्र, भारतीय जनता पार्टी से डॉ0 भोला सिंह, इंडियन नेशनल कांग्रेस से शिवराम, ऋषिवादी कर्मशील युवा परमार्थी पार्टी से राजेश तुरैहा, निर्दलीय प्रत्याशियों में प्रदीप कुमार,सोनम भारती है।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ.आशीष वशिष्ठ

   

सम्बंधित खबर