सिरसा: मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं को फोन कर पूछी समस्या, कमेटी गठित करने के निर्देश

कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिकायतें सुनते मुख्यमंत्री।


सिरसा, 19 जून । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में जनपरिवाद की सुनवाई की। सीएम ने बैठक में अनुपस्थित शिकायतकर्र्ताओं से सीधा संवाद कायम कर मामले की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने गांव फतेहपुर जोतांवाली निवासी संजय कुमार को फोन मिलाया। उसकी ओर से रजवाहे पर साइफन सही तरीके से न लगाए जाने की शिकायत की गई थी। मुख्यमंत्री ने संजय कुमार से बातचीत कर पूरे मामले को समझा और तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए, ताकि निष्पक्ष जांच के साथ समाधान सुनिश्चित हो सके।

बैठक में 15 शिकायतें सुनवाई के लिए रखी गई जिनमें से 12 शिकायतों का निपटान कर दिया गया और तीन शिकायतें लंबित रखी गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतों की सुनवाई करते हुए विशेष निर्देश भी दिए, उन्होंने कहा कि सीवरेज व सडक़ों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। शहरी क्षेत्र में जहां सीवरेज लाइन डाल दी गई है वहां जल्द से जल्द सडक़ बनाने का कार्य शुरू किया जाए। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बैठक में गांव गंगा निवासी परमजीत सिंह की फर्जी वसीयत संबंधी शिकायत पर अधिकारियों की ओर से बताया गया कि अंगूठा निशान की दो जगह जांच करवाई गई है और दोनों जगह धुंधली होने की वजह से रिपोर्ट का मिलान नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद इस शिकायत को अगली बैठक तक लंबित रखने के निर्देश दिए।

गांव फतेहपुर जोतांवाली निवासी संजय कुमार की शिकायत जिसमें उन्होंने साइफन को गलत बनाए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग थी, मुख्यमंत्री ने इस मामले में संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए जो मौके पर जाकर किसानों से बातचीत करेगी तथा इसके तमाम पहलुओं को देखते हुए अगली बैठक में इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। बैठक में पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल, ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बैनीवाल, सिरसा विधायक गोकुल सेतिया, कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला, जिला परिषद चेयरमैन कर्ण चौटाला, उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक सिरसा दीपक सहारण, पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल आदि मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर