हिसार : एसआईआर अभियान को गंभीरता से लें कार्यकर्ता, हर वोट का करें सत्यापन : बृजलाल बहबलपुरिया
- Vijesh Sharma
- Jun 10, 2026

जिला कांग्रेस की मासिक बैठक में प्रधान ने दिए निर्देश
हिसार, 10 जून । जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक कांग्रेस भवन में
जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठनात्मक विषयों,
आगामी कार्यक्रमों एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने बुधवार काे कहा कि आने वाले
समय में जिले के प्रत्येक गांव में कांग्रेस की गांव-वार यात्राएं निकाली जाएंगी, ताकि
संगठन को और अधिक मजबूत किया जा सके तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जा
सके। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश नेतृत्व द्वारा जिला कार्यकारिणी का गठन कर दिया
जाएगा। जब तक नई कार्यकारिणी का गठन नहीं होता, तब तक वर्तमान में कार्य कर रहे सभी
साथी ही जिला संगठन की जिम्मेदारी निभाएंगे और सभी कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कमेटी
के अभिन्न सदस्य हैं।
बैठक में आगामी एसआईआर अभियान बारे भी विस्तार से चर्चा की गई। बृजलाल बहबलपुरिया
ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची का निरीक्षण करते हुए अपने
वोटों की पहचान करनी चाहिए तथा पार्टी द्वारा नियुक्त बीएलए के माध्यम से प्रत्येक
वोट का सत्यापन सुनिश्चित करना चाहिए। कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और
किसी भी प्रकार का अनुचित या फर्जी वोट शामिल न होने पाए। ऐसे मामलों में निर्धारित
प्रक्रिया के तहत आपत्तियां एवं आवेदन समय पर प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी
कार्यकर्ता एसआईआर अभियान को गंभीरता से लेते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका
निभाएं और मतदाता सूची को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाने में सहयोग करें।

