सोनीपत निगम का सौ करोड़ प्रॉपर्टी टैक्स बकाया, 150 डिफाल्टरों पर सीलिंग की तलवार

सोनीपत, 22 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत नगर निगम क्षेत्र में प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर गंभीर

अनदेखी और उदासीनता सामने आई है। आज जबकि शहरों के विकास और मूलभूत सुविधाओं की निरंतरता

के लिए राजस्व की आवश्यकता होती है, वहीं अधिकांश लोग टैक्स देने से बचते नजर आ रहे

हैं। ऐसी स्थिति में निगम ने अब सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है ताकि वित्तीय घाटे

से उबरा जा सके।

वर्तमान में नगर निगम क्षेत्र में कुल एक लाख 97 हजार 930

प्रॉपर्टी आईडी दर्ज हैं। एक अप्रैल 2025 से 20 जुलाई 2025 तक केवल 21 हजार 261 लोगों

ने टैक्स जमा कराया है, जिससे निगम को 5 करोड़ 99 लाख 94 हजार रुपए की प्राप्ति हुई

है। शेष एक लाख 75 हजार 739 प्रॉपर्टी मालिकों पर लगभग 100 करोड़ रुपए का टैक्स बकाया

है।

इस वसूली में फायर टैक्स के रूप में व्यवसायिक और औद्योगिक

संपत्तियों से 33 लाख 87 हजार 636 रुपए प्राप्त हुए हैं। नगर निगम ने प्रथम चरण में

150 बड़े डिफाल्टरों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए हैं। जिन पर दो लाख या उससे अधिक

राशि बकाया है, उन्हें एक सप्ताह का समय दिया गया है, अन्यथा उनकी संपत्तियां सील कर

दी जाएंगी।

डिफाल्टरों में कुछ प्रमुख नाम इस प्रकार हैं नेतराम बाबा

कॉलोनी में 9 लाख 50 हजार, आदर्श नगर स्थित रिलायंस कॉर्पोरेट आईटी पार्क पर 17 लाख

47 हजार, सुंदर सांवरी प्रॉपर्टी पर 9 लाख 78 हजार, कमलजीत इंडस्ट्री एरिया में 5 लाख

56 हजार, गोविंद नगर की रेखा पर 2 लाख 97 हजार और मोहन नगर के बलवीर पर 6 लाख रुपए

बकाया है।

जोनल टैक्स अधिकारी राजेंद्र चुघ ने मंगलवार को जानकारी दी

कि नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार के निर्देशानुसार सभी डिफाल्टरों को नोटिस भेजे जा

चुके हैं और तय समय पर टैक्स जमा न करने पर सीलिंग सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

   

सम्बंधित खबर