कानपुर, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर ने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर विश्वास, विकास और जनकल्याण के संकल्प को दोहराया।
अटल घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया, जबकि शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना कर देश की उन्नति, समृद्धि और नागरिकों के कल्याण की कामना की गई। मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का भी आह्वान किया गया। यह बातें बुधवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कही।
जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान गंगा आरती के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति और विकास के लिए प्रार्थना की गई। कार्यकर्ताओं ने भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया।
अनिल दीक्षित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि यह 12 वर्षों की यात्रा केवल सरकार के कार्यकाल का आंकड़ा नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के सशक्तीकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री अवधेश सोनकर, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, सीमा एमबीए, अंशु ठाकुर, विनोद पाल, शुभम दीक्षित, आशीष बाजपेई, मोनेन्द्र राजपूत, प्रशांत त्रिपाठी, जीतू कश्यप, राधा सैनी, विमल सिंह, स्पर्श कटियार समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

