किशनगंज, 01 जुलाई (हि.स.)।
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में बुधवार से मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज में सात दिवसीय युवा आपदा मित्र आवासीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। एक से सात जुलाई तक चलने वाले इस शिविर में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के 150 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं।
शिविर का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार की अध्यक्षता में फीता काटकर किया गया। इससे पूर्व प्राचार्य ने सभी अतिथियों एवं पटना से पहुंची एसडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कोचाधामन डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सजल प्रसाद, विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व परीक्षा नियंत्रक डॉ. अजय कुमार पांडेय तथा आर.के. साहा महिला कॉलेज के प्रोफेसर सुनील कुमार और एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. क़सीम अख्तर उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण शिविर में एसडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन, बचाव एवं राहत कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दे रही है। टीम में सब-इंस्पेक्टर अजय कुमार पाटिल के साथ इंस्ट्रक्टर नवनीत कुमार, नागेंद्र कुमार शाह, अनुपम कुमार, पंकज कुमार, शत्रुध्न कुमार, राजू कुमार, तनुजा कुमारी, जयश्री कुमारी एवं विजय कुमार यादव शामिल हैं। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार ने कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित युवा समाज की अमूल्य संपत्ति होते हैं।
युवा आपदा मित्र कार्यक्रम युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) सजल प्रसाद ने कहा कि प्राकृतिक एवं मानवीय आपदाओं की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए युवाओं का प्रशिक्षित और जागरूक होना समय की आवश्यकता है। वहीं, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. क़सीम अख्तर ने बताया कि सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे समाज और प्रशासन के सहयोगी के रूप में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

