फर्जी दस्तावेज के जरिए कोठी को अपना बताकर दो करोड़ रुपये मांगने का आरोपित गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
मुरादाबाद, 02 जुलाई (हि.स.)। सिविल लाइंस स्थित चड्ढा कोठी को अपनी बताकर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपित मुदित धवन को आज सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक यातायात/क्राइम सुभाषचंद्र गंगवार ने बताया कि पुलिस ने गुरुवार देर शाम पकड़े गए आरोपित को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है। सात अन्य आरोपी हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
शहर केे बड़े कारोबारी रहे हरभजन सिंह चड्ढा के बेटे इंद्रजीत सिंह चड्ढा ने 6 जून 2026 को सिविल लाइंस थाने में दीन दयाल नगर निवासी मुदित धवन, डॉ. रंजना, विपिन धवन, मंडी चौक निवासी विपिन धवन, सुधीर धवन, सुनील धवन, सुमित धवन और अंकित धवन पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि वह वर्तमान में दिल्ली के महरौली छतरपुर में रहते हैं और मूल निवासी सिविल लाइंस के कोठी नंबर 455 हैं। उनके परिवार ने 23 जनवरी 1969 को कोठी नंबर 455 को खरीदी थी। इसके बाद से हमारे परिवार का कब्जा है। कोठी का नया निर्माण भी कराया गया है। जिसकी कीमत करीब 100 करोड़ है। इंद्रजीत सिंह चड्ढा ने बताया कि मुदित धवन व अन्य आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर कोठी को अपना बताया। आरोपियों ने संपत्ति को बचाने के लिए दो करोड़ की मांग की थी।

