एक वर्ष बाद दो बच्चियां सकुशल बरामद, मां अब भी लापता

सुपौल, 04 जुलाई (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड के कौशलीपट्टी गांव में एक वर्ष पूर्व लापता हुई दो बच्चियों के सकुशल बरामद होने के बाद उनकी मां अब भी लापता है। इस मामले को लेकर भाकपा (माले) ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को भाकपा (माले) की जांच टीम ने कौशलीपट्टी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। टीम में पिपरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अनिल कुमार, पिपरा प्रखंड सह एरिया सचिव कलाधार प्रसाद यादव तथा जिला कमिटी सदस्य लाल बहादुर यादव शामिल थे।

पीड़ित परिवार के अनुसार, पिपरा थाना क्षेत्र के कौशलीपट्टी निवासी मनीष कुमार ने लगभग एक वर्ष पहले अपनी पत्नी और दो बेटियों के लापता होने की सूचना पिपरा थाना में लिखित आवेदन देकर दी थी। परिजनों का आरोप है कि आवेदन देने के बावजूद पुलिस ने न तो प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की और न ही मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई की।बताया जाता है कि मोहर्रम के दिन बड़ी बेटी (10 वर्ष), जो पिछले एक वर्ष से लापता थी, को सामान खरीदने के लिए बाहर भेजा गया।

इसी दौरान उसने साहस दिखाते हुए एक दुकानदार के मोबाइल से अपने पिता मनीष कुमार को फोन किया और अपनी आपबीती सुनाई। बच्ची ने बताया कि वह और उसकी छोटी बहन (8 वर्ष) पिछले एक वर्ष से बंधक बनाकर रखी गई थीं। उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया जाता था तथा उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुपौल शहर के वार्ड संख्या-4 स्थित बी.एस.एस. कॉलेज के समीप एक निजी मकान में छापेमारी की और दोनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि, उनकी मां का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।मामले की जांच के बाद भाकपा (माले) के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अनिल कुमार ने कहा कि यदि मनीष कुमार के आवेदन पर समय रहते प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाती, तो यह मामला एक वर्ष तक लंबित नहीं रहता।

उन्होंने लापता महिला की शीघ्र बरामदगी, पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच तथा आवेदन मिलने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने वाले संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।भाकपा (माले) ने चेतावनी दी कि यदि मामले का शीघ्र खुलासा नहीं हुआ और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी जनआंदोलन करने को बाध्य होगी।

   

सम्बंधित खबर