मुरादाबाद, 19 मई (हि.स.)। मुरादाबाद जिले के थाना कुंदरकी क्षेत्र में रहने वाले एक मजदूर के नाम पर फर्जीवाड़ा कर तीन बार में 31 लाख 79 हजार 704 रुपये का लोन ले लिया गया है। पीड़ित मजदूर के पास किस्त जमा करने के लिए नोटिस पहुंचा तो इस फर्जीवाड़े का पता चला। थाना सिविल लाइंस पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर पुलिस ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद कोर्ट ने मामले में आरोपितों के खिलाफ पंजीकृत करने के आदेश दिए।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि मामले में नयायालय के आदेश पर थाना सिविल लाइंस थाने में प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की हरथला शाखा के प्रबंधक, लोन नाम की कम्पनी और कुछ अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थाना कुंदरकी क्षेत्र जैतिया फिरोजपुर गांव निवासी धमेंद्र सिंह ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह मजदूरी करता है। वह 1 दिसम्बर 2025 को किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए मोहनपुर स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा में गया। बैंक मैनेजर ने चेक किया तो पता चला कि उसके नाम से 5 अप्रैल 2025 को प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की हरथला शाखा से एक लोन खाता खुला था।
जिसे पैसा लो इजी लोन नाम की कम्पनी संचालित कर रही है। इस खाते से तीन बार में 31 लाख 79 हजार 704 रुपये का लोन लिया गया है। जिसमें एक बिजनेस लोन 21 लाख 44 हजार 384 रुपये, दूसरा लोन 4 लाख 57 हजार 192 रुपये और तीसरा लोन 7 लाख 78 हजार 128 रुपये का लिया गया है। उसने बैंक जाकर पूछताछ की तो उसे संतोषजनक जवाब नहीं दिया। मैनेजर ने गार्ड से उसे बाहर निकलवा दिया।

