मीता पोर्टल पर आए 447 आवेदन, हल हुए 89 मामले, डीसी ने की समीक्षा
- DSS Admin
- May 19, 2026
रामगढ़, 19 मई (हि.स.)। रामगढ़ डीसी ऋतुराज ने मंगलवार को मीता (MEETA) पोर्टल के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों के निष्पादन को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों एवं प्रखंडों से संबंधित लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान जानकारी दी गई कि वर्तमान में मीता पोर्टल पर कुल 447 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिनमें से 89 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। डीसी ने विभागवार लंबित मामलों की गहन समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीसी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नियमित समीक्षा करें अधिकारी
डीसी द्वारा जिला स्तर से सभी प्रखंडों के लिए प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने प्रखंडों से संबंधित लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें। निष्पादन प्रक्रिया में तेजी लाना जरूरी है। सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सरकारी भूमि पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। अवैध अतिक्रमण पर रोक लगाने, सरकारी भूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा ऐसे मामलों में तत्परता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
---------------

