51वां खजुराहो नृत्य समारोह 20 से 26 फरवरी तक, वृहद नृत्य मैराथन रिले से बनेगा विश्व रिकॉर्ड
- Admin Admin
- Feb 13, 2025

-भारतीय संस्कृति और कलाओं से परिचित करातीं अनुषांगिक गतिविधियां होंगी आकर्षण
भोपाल, 13 फरवरी (हि.स.)। संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट खजुराहो के एक हजार वर्ष प्राचीन मंदिरों की दिव्य आभा में 51वां खजुराहो नृत्य समारोह 20 से 26 फरवरी तक आयोजित किया जायेगा। खजुराहो स्थित कंदरिया महादेव मंदिर एवं देवी जगदंबा मंदिर के मध्य मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय नृत्य समागम की भव्यता इस वर्ष अपने उरूज पर होगी। समारोह में इस वर्ष कई नए आयाम तथा अनुषांगिक गतिविधियां जोड़ी गई हैं। विशेष रूप से सभी प्रमुख भारतीय शास्त्रीय नृत्यों यथा कथक, भरतनाट्यम, कुचीपुड़ी, ओडिसी आदि के साथ सबसे लम्बा वृहद शास्त्रीय नृत्य मैराथन (रिले) प्रस्तुति की जा रही है, जिसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज करने का प्रयास रहेगा।
राज्य मंत्री लोधी गुरुवार को जनजातीय संग्रहालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खजुराहो नृत्य समारोह के मंच को बहुत ही सम्मान और आदर के साथ देखा जाता है। यहां प्रस्तुति करना किसी भी नृत्य कलाकार के लिए गर्व की बात होती है। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए 51वें खजुराहो नृत्य समारोह में होने वाली गतिविधियों को विस्तार एवं व्यापकता देने का प्रयास किया गया है, ताकि नृत्य के साथ ही अन्य कला माध्यमों के भी विभिन्न पहलुओं का आस्वादन कलाप्रेमी कर सकें।
संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि 51वां खजुराहो नृत्य समारोह का शुभारम्भ 20 फरवरी को सायं 6:30 बजे मुख्यमंत्री की उपस्थिति में होगा। इस अवसर पर मध्य प्रदेश राज्य रूपंकर कला पुरस्कार अलंकरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा। समारोह में नृत्य प्रस्तुतियां प्रतिदिन सायं 6:30 बजे से प्रारम्भ होंगी। मध्य प्रदेश शासन, संस्कृति विभाग के लिए उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी, भोपाल द्वारा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, मध्य प्रदेश पर्यटन एवं जिला प्रशासन - छतरपुर के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय खजुराहो नृत्य समारोह का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर संचालक संस्कृति एनपी नामदेव, उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक डॉ. धर्मेंद्र पारे उपस्थित रहे।
वृहद शास्त्रीय नृत्य मैराथन (रिले) से बनेगा विश्व रिकॉर्ड
प्रमुख सचिव शुक्ला ने सबसे लंबे वृहद शास्त्रीय नृत्य मैराथन (रिले) प्रस्तुति में निरन्तर 24 घंटे से भी अधिक नृत्य प्रस्तुतियां होंगी। यह गतिविधि आदिवर्त संग्रहालय, खजुराहो में होगी। गतिविधि का शुभारम्भ 19 फरवरी, को दोपहर 2:00 बजे होगा जो निरन्तर 20 फरवरी को सायं 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसका नृत्य निर्देशन/संयोजन कथक नृत्यांगना तथा फिल्म अभिनेत्री प्राची शाह, मुम्बई एवं संगीत निर्देशन/संयोजन कौशिक बसु, मुम्बई द्वारा किया जाएगा। प्रारंभिक रूप से 5-5 कलाकारों के मान से 25 ग्रुप तैयार किये जायेंगे, जिसमें लगभग 125 कलाकार प्रतिभागिता करेंगे। विभागीय संगीत महाविद्यालय/विश्वविद्यालय एवं नृत्य के वरिष्ठ कलागुरुओं के साधनारत शिष्यों को प्रस्तुति के लिए अमांत्रित किया गया है।
खजुराहो बाल नृत्य महोत्सव
उन्होंने बताया कि खजुराहो नृत्य समारोह जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन से स्थानीय युवाओं को जोड़ने के लिए विभाग ने पहली बार एक नई गतिविधि जोड़ी है। जिसका नाम ''खजुराहो बाल नृत्य महोत्सव'' है। इस नृत्य महोत्सव के अंतर्गत मध्य प्रदेश के मूल निवासी 10 से 16 साल के युवा नृत्य कलाकार एक पृथक मंच पर अपनी प्रस्तुति दे सकेंगे। इसका उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय नृत्य परम्परा को संरक्षित करना और युवा पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय नृत्यों के प्रति प्रोत्साहित करना है। ये प्रस्तुतियां खजुराहो नृत्य समारोह परिसर में स्थित पृथक मंच पर सायं 5 से 6 बजे तक होंगी। इस महोत्सव के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसमें 310 नृत्य कलाकारों के आवेदन प्राप्त हुए थे। वरिष्ठ नृत्य गुरुओं की चयन समिति द्वारा 15 नृत्य कलाकारों को चयनित किया गया है।
51वें खजुराहो नृत्य समारोह में इस वर्ष एक नई अनुषांगिक गतिविधि प्रणाम को जोड़ा गया है। इस गतिविधि के अंतर्गत सुविख्यात नृत्यांगना और पद्मविभूषण डॉ. पद्मा सुब्रह्मण्यम के जीवन और कला अवदान को अभिव्यक्त करते आयोजन होंगे। जिनमें डॉ. पद्मा सुब्रह्मण्यम के जीवन और कला अवदान पर एकाग्र प्रदर्शनी, व्याख्यान एवं संवाद सह प्रदर्शन भी शामिल होंगे। व्याख्यान एवं संवाद हेतु डॉ. जयश्री राजगोपालन, अनुराधा विक्रांत, महती कन्नन, अरविंथ कुमारस्वामी, पियाल भट्टाचार्य, डॉ. राजश्री वासुदेवन, अर्जुन भारद्वाज एवं डॉ. सच्चिदानंद जोशी पधारेंगे। इसके अलावा प्रदर्शनी में डॉ. पद्मा सुब्रह्मण्यम की कला यात्रा को दर्शाया जाएगा, जिसमें उनकी प्रस्तुति के फोटो, किताबें, उनके द्वारा डिजाइन नृत्य परिधान एवं उन्हें प्राप्त अवार्ड शामिल होंगे। जैसा कि विदित है डॉ. पद्मा सुब्रह्मण्यम भरतनाट्यम नृत्य की सुप्रसिद्ध कलाकार हैं। वह एक रिसर्च स्कॉलर, कोरियोग्राफर, म्यूजिक कंपोजर, गायिका, शिक्षिका, इंडोलॉजिस्ट और लेखिका भी हैं। वह भारत के साथ-साथ विदेशों में भी प्रसिद्ध हैं। जापान, ऑस्ट्रेलिया और रूस जैसे देशों द्वारा उनके सम्मान में कई फिल्में और वृत्तचित्र बनाए गए हैं। हाल ही में वर्ष 2024 के पद्म विभूषण पुरस्कार के लिए उनके नाम की घोषणा हुई है। वे खजुराहो नृत्य समारोह में पूर्व में प्रस्तुति दे चुकी हैं।
पद्म पुरस्कार प्राप्त और एसएनए अवॉर्डी कलाकार देंगे नृत्य प्रस्तुतियां
खजुराहो नृत्य समारोह में प्रारंभ से ही नृत्य जगत के सुप्रसिद्ध कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी हैं। इस वर्ष भी यह परम्परा जारी रखते हुए पद्म पुरस्कार एवं संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड प्राप्त नृत्य कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इन नामों में कुचिपुड़ी की सुप्रसिद्ध नृत्यांगना पद्मभूषण विदुषी राधा—राजा रेड्डी, मणिपुरी नृत्य कलाकार पद्मश्री दर्शना झवेरी, छाऊ नृत्य कलाकार पद्मश्री शशधर आचार्य, ओडिसी नृत्य कलाकार प्रवत कुमार स्वाइन, मोहिनीअट्टम नृत्य कलाकार पद्मश्री विदुषी भारती शिवाजी, कथक नृत्य कलाकार पद्मश्री विदुषी शोभना नारायण, सत्रीय नृत्य कलाकार पद्मश्री गुरु जतिन गोस्वामी शामिल हैं। वहीं एसएनए अवॉर्डी में मोहिनीअट्टम नृत्य कलाकार सुश्री पल्लवी कृष्णनन, भरतनाट्यम नृत्य कलाकार डॉ.संध्या पुरेचा, कुचिपुड़ी नृत्य कलाकार दीपिका रेड्डी, कथकली नृत्य कलाकार सदानम के.हरिकुमार, कथक नृत्य कलाकार अदिति मंगलदास, मणिपुरी नृत्य कलाकार गुरु कलावती देवी—बिम्बावती देवी का नाम शामिल है। साथ ही फिल्म अभिनेत्री और भरतनाट्यम की सुप्रसिद्ध नृत्यांगना मीनाक्षी शेषाद्रि की एकल नृत्य प्रस्तुति भी होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर