विश्व रक्तदान दिवस पर 70वां रक्तदान करने वाले गगन कुंभकार का राज्यपाल ने किया सम्मान
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
धमतरी, 14 जून (हि.स.)। मानव सेवा और समाजहित के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए धमतरी के समाजसेवी एवं नियमित रक्तदाता गगन कुंभकार द्वारा 70 बार रक्तदान करने पर आज रविवार 14 जून को उनका राज्यपाल ने सम्मान किया।
14 जून विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर इस प्रेरणादायी उपलब्धि के लिए उन्हें रेड क्रॉस सोसाइटी के सौजन्य से राजभवन रायपुर में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेन डेका द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके पुत्र पारस कुंभकार, जो राष्ट्रीय स्तर के कुश्ती खिलाड़ी हैं, को भी राज्यपाल ने आशीर्वाद प्रदान किया। गगन कुंभकार वर्षों से निरंतर रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल धमतरी जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है। विश्व रक्तदान दिवस पर मिला यह सम्मान उनके सामाजिक समर्पण, मानवता के प्रति सेवा भावना और जनकल्याण के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों का गौरवपूर्ण सम्मान माना जा रहा है।

