सूरजपुर : डायल 112 के आरक्षक व चालक पर हमला करने वाले 8 आरोपित गिरफ्तार, ट्रक आगजनी मामले में 2 और दबोचे गए
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
सूरजपुर, 23 जून (हि.स.)। डायल 112 आपातकालीन सेवा में तैनात आरक्षक एवं चालक पर हमला करने वाले 8 आरोपितों को थाना प्रतापपुर पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। वहीं ट्रक में आगजनी के एक अन्य मामले में 2 आरोपितों की भी गिरफ्तारी की गई है।
जानकारी के अनुसार, डायल 112 में तैनात आरक्षक निशांत टोप्पो ने थाना प्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 जून 2026 की रात रायपुर पीएफटी कॉल सेंटर से सूचना मिलने पर ग्राम खजुरी सेमरसोत मेन रोड पर एक्सीडेंट की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। घटना में 4 व्यक्ति घायल अवस्था में पाए गए थे, जिनमें से 2 घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
इसके बाद जब टीम शेष दो घायलों को लेने पुनः मौके पर पहुंची, तो लगभग 8 लोगों ने वाहन को रोककर घेर लिया और टीम से पूछताछ करते हुए गाली-गलौज एवं मारपीट की। शिकायत पर थाना प्रतापपुर में अपराध क्रमांक 180/26 धारा 296, 115(2), 221, 132, 121(1), 191(2), 190 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
डीआईजी एवं एसएसएसपी सूरजपुर के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों की पहचान कर दबिश दी और सभी 8 आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में मुकेश पैंकरा, प्रकाश पैंकरा उर्फ जीरा, करमसाय पैंकरा, नरेश पैंकरा, शिवसागर पैंकरा, अभय पैंकरा, पारसनाथ पैंकरा तथा रामकेवल पैंकरा शामिल हैं, जो सभी ग्राम बैकोना, थाना प्रतापपुर के निवासी बताए गए हैं।
इसके अलावा ट्रक आगजनी मामले में दर्ज अपराध क्रमांक 181/2026 धारा 324(5) बीएनएस के तहत दो आरोपियों मुकशे उर्फ सीजय पैंकरा एवं दिपेश पैंकरा को भी गिरफ्तार किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतापपुर सहित पुलिस टीम सक्रिय रही।

