घर में रखा गैस सिलेंडर फटा, आग बुझाने में दीपक झुलसा
दमकल की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
हमीरपुर, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में कुरारा थाना क्षेत्र के पतारा ग्राम पंचायत के मजरा नेठी गांव में मंगलवार को दोपहर में कूड़े के ढेर से उठी चिंगारी से कच्चे छप्पर में आग लग गई। जिससे आधा दर्जन से अधिक कच्चे मकान जलकर खाक हो गए। फायर बिग्रेड की तीन गाड़ियों ने मौके पर जाकर आग पर काबू पाया।
कुरारा क्षेत्र के नेठी गांव में कूड़े के ढेर से दोपहर गांव निवासी अरुण के छप्पर में आग पकड़ ली। तेज हवा के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जब तक लोग आगजनी की जानकारी कर पाते तब तक कच्चे घरों में आग धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें उठने के बाद ग्रामीणों ने फायर बिग्रेड व थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस आगजनी में गांव निवासी छोटेलाल पुत्र मुलुवा, बृजभान उदयभान पुत्रगण रामदयाल, चंद्रकली पत्नी रामदयाल, धनीराम व मनीराम पुत्रगण स्वामीदीन, तथा जगदेव पुत्र सुरजन के कच्चे मकान जलकर खाक हो गए है। इस आगजनी में बृजभान व गयादीन की भैंस जल गई है। तथा छोटेलाल के घर में रखा गैस सिलेंडर फट गया है। लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ है।
पीड़ित ग्रामीणों ने बताया कि घरों में भूसा, अनाज आदि, सहित गृहस्थी का सामान रखा था। सभी जल गया है। आग बुझाने में सहयोग करने वाले दीपक पुत्र गयादीन को झुलस जाने के कारण सदर अस्पताल ले गए हैं। इस आगजनी में लोगों का मकान सहित गृहस्थी का सामान जल जाने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। मौके एसडीएम सदर, तहसील दार व गांव के लेखपाल ने नुकसान का आंकलन किया। तथा मौके पर थाना पुलिस व एंबुलेंस भी मौजूद रही। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी में गांव के आधा दर्जन से अधिक परिवार तबाह हो गए है। एसडीएम सदर अभिषेक ने बताया कि आग लगने से कई ग्रामीणों के घर जल गए है। दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है। बताया कि राजस्व कर्मियों को नुकसान के आंकलन के लिए मौके पर लगाया गया है।
---------------

