साकेत बिल्डिंग हादसे के 12 दिन बाद भी मलबा नहीं हटाएं जाने पर आआपा ने सरकार पर साधा निशाना
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने साकेत स्थित सैदुलाजाब में गिरी बिल्डिंग का मलबा अभी तक नहीं हटने पर दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। आआपा के दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में सह प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि हादसे के 12 दिन बाद भी सरकार मलबा नहीं हटा पाई है। उन्होंने मांग की कि सैदुलाजाब मामले की एसआईटी से जांच कराई जाए ताकि मौतों का सही आंकड़ा पता चल सके और जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो सके।
आआपा मुख्यालय में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने साकेत स्थित सैदुलाजाब में गिरी बिल्डिंग की वीडियो दिखाते हुए कहा कि 30 मई को 500 गज की इमारत भरभरा कर गिर गई थी। हादसे के 12 दिन बीतने के बावजूद वहां रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी चल रहा है। मलबा लगातार हटाया जा रहा है। सरकार इस मुद्दे को दबाने की कोशिश कर रही है ताकि जनता इस हादसे को भूल जाएं।
प्रवीण कुमार ने कहा कि बिल्डिंग गिरने के दौरान आआपा का एक पांच सदस्यी टीम मौके पर पहुंची थी। हमने पूरे हालात का आकलन किया और आसपास के लोगों से बात की। आज 12 दिन हो चुके हैं, रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी चल ही रहा है और पूरा मलबा नहीं हटाया जा सका है। दिल्ली सरकार बताए अगर 400-500 गज की बिल्डिंग के लिए 12 दिन तक रेस्क्यू ऑपरेशन चल सकता है, तो दिल्ली में कोई बड़ी त्रासदी होने पर रेस्क्यू ऑपरेशन कितने दिनों तक चलेगा?
प्रवीण कुमार ने बताया कि 9 जून को जब आम आदमी पार्टी की तीन सदस्यीय टीम वहां पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन धीमा होता पाया। लोगों ने बताया कि मरने वालों का असली आंकड़ा छिपाया जा रहा है। ऐसे में सरकार स्पष्ट करे कि रेस्क्यू ऑपरेशन कब खत्म होगा?
इस दौरान एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार से मांग करती है कि वे अपनी आपदा प्रबंधन व्यवस्था को सार्वजनिक करें। हादसे में मारे गए लोगों के असल आंकड़े छिपाए जा रहे हैं। आआपा की मांग है कि दिल्ली की जनता को सही आंकड़े बताए जाएं और इस मामले की जल्द से जल्द जांच की जाए ताकि खौफ में जी रहे लोगों को कुछ सुकून मिल सके।
---------------

