नालागढ़ से मणीकर्ण जा रही महिला की पत्थर की चपेट में आकर मौत, बच्चे को शौच करवाने उतरी थी कार से

पुलिस द्वारा बंद कर दिया इस मार्ग का हिस्सा

मंडी, 01 जुलाई (हि.स.)। मंडी जिले में बरसात ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। फोरलेन निर्माण के लिए खोखले हुए पहाड़ जानलेवा साबित होने लगे हैं। बुधवार को इसी तरह की एक दुर्घटना ने एक महिला की जान ले ली। मिली जानकारी के अनुसार नालागढ़ से मणीकर्ण जा रहा एक परिवार जब मंडी से लगभग 42 किलोमीटर दूर कुल्लू की ओर औट के पास संदली मोड़ शनि मंदिर के पास पहुंचा तो इसमें सवार बच्चे ने शौच जाने की बात कही। । परिवार ने कार रोकी तो महिला बच्चे को लेकर नीचे उतरी । अचानक उपर पहाड़ी से एक पत्थर गोली तरह आकर महिला पर आ गिरा। बच्चे को तो कुछ नहीं हुआ मगर पत्थर ने महिला को बुरी तरह से जख्मी कर दिया। कार में बैठा परिवार यह सब देख कर चीखने चिल्लाते बाहर निकला, महिला को उठाया और तुरंत उसे नजदीक के नगवाईं अस्प्ताल पहुंचाया गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मौत का शिकार हुई महिला की पहचान सुखबीर कौर पत्नी जसबिंदर सिंह उम्र 38 वर्ष, निवासी गुरूवाला करसौली, डाकघर कालीबाड़ी, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के तौर पर हुई है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि औट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया तथा उसका कुल्लू के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। उसके बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया।

इस घटना ने मंडी कुल्लू के बीच दरकते पहाड़ों का खौफ फिर से पैदा कर दिया है। अभी बरसात शुरू ही हुई है मगर इसने जुलाई महीने की पहली तारीख को ही एक जान ले ली है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने इस मार्ग पर चलने वाले सभी वाहन चालकों से सावधानी बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने किसी भी काम के लिए सड़क किनारे रूकने के लिए सुरक्षित जगह पर वाहन पार्क करने की सलाह दी है। साथ ही बरसात के चलते इस मार्ग पर चलतेे हुए बेहद सावधानी बरतने की सलाह दी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर