पड़ोसी के घर में घुसकर बोलेरो और मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ करने का आरोपित गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 18, 2026
रायगढ़, 18 मई (हि.स.)। जिले के थाना पुसौर क्षेत्रांतर्गत ग्राम सोडेकेला में सनक और आक्रोश में पड़ोसी के घर में घुसकर तलवार से वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले युवक को पुसौर पुलिस ने गिरफ्तार कर आज साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
ग्राम सोडेकेला निवासी संतोष पटेल (उम्र 32 वर्ष) ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 मई को दोपहर करीब 3 बजे गांव का मृत्युंजय बिशी लोहे की धारदार तलवार लेकर उसके घर के अंदर घुसा और घर परिसर में खड़ी बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 10 एई 9117 एवं एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 13 एएच 6481 पर तलवार से हमला कर तोड़फोड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपित गाली-गलौज करते हुए तलवार लेकर पीड़ित को मारने दौड़ा, जिससे वह अपनी जान बचाकर भागा। घटना में दोनों वाहनों को करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
पीड़ित की शिकायत पर थाना पुसौर में आरोपित के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया। टीआई पुसौर हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में पुसौर पुलिस ने तत्काल आरोपित मृत्युंजय बिशी (उम्र 18 वर्ष 03 माह) निवासी सोडेकेला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपित के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त लोहे की धारदार तलवार बरामद कर जब्त की गई। आरोपित को गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
---------------

