अम्बिकापुर : एनएच-43 पर पिकअप की टक्कर के बाद ट्रक ने दो युवकों को रौंदा, हेलमेट ने बचाई तीसरी जान
- DSS Admin
- Jun 29, 2026

अम्बिकापुर, 29 जून (हि.स.)। सरगुजा जिले के नेशनल हाईवे क्रमांक-43 पर रविवार रात एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बासेन के पास तेज रफ्तार के कहर ने दो युवकों की बेरहमी से जान ले ली, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक युवकों की पहचान बतौली मानपुर निवासी नान्हू गोंड़ (30 वर्ष) और जयप्रकाश गोंड़ (35 वर्ष) के रूप में हुई है, वहीं इस हादसे में घायल युवक का नाम अकल साय (25 वर्ष) है।
ये तीनों युवक रविवार को अपनी बड़ी मां के देहांत के बाद दशकर्म कार्यक्रम का न्योता देने अपनी बाइक (सीजी 15 डी डब्लू 1719) से रायगढ़ जिले के ग्राम कापू गए थे। रात करीब 8:30 बजे जब वे वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी बासेन के समीप पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने उनकी माेटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
पिकअप की टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों युवक छिटककर सीधे नेशनल हाईवे के बीचों-बीच जा गिरे। माेटरसाइकिल सवार संभल पाते, इससे पहले ही अम्बिकापुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर गिरे नान्हू और जयप्रकाश को बेरहमी से रौंद दिया। ट्रक का पहिया सिर के ऊपर से गुजर जाने के कारण दोनों युवकों के सिर के टुकड़े हो गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। इस खौफनाक हादसे में अकल साय भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ, लेकिन सिर पर हेलमेट लगे होने के कारण उसका सिर सुरक्षित रहा और उसकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर एसडीओपी राजेंद्र मंडावी और बतौली पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अकल साय को एम्बुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अम्बिकापुर में भर्ती कराया। वहीं मृतकों के शवों को बतौली अस्पताल के शवगृह भिजवाया गया, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। इस दोहरे हादसे से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस फरार पिकअप और ट्रक चालक की तलाश के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
---------------

