108 एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, सूझबूझ से सुरक्षित प्रसव कराया
- DSS Admin
- May 17, 2026
धमतरी, 17 मई (हि.स.)। गर्भवती महिला को बेहतर उपचार के लिए रविवार को सिविल अस्पताल नगरी से जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया था। धमतरी लाते समय अचानक प्रसव पीड़ा बढ़ने पर 108 संजीवनी एक्सप्रेस के कर्मचारियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
नगरी ब्लाक के ग्राम महुआबाहरा निवासी 29 वर्षीय खिलेश्वरी नेताम को प्रसव पीड़ा होने पर सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया था। स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने महिला को जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए 108 एंबुलेंस में तैनात स्टाफ तोयेंद्र वर्मा और कुलदीप सिंह ने ईआरसीपी डाक्टर के मार्गदर्शन में तत्काल सूझबूझ दिखाई और सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर एंबुलेंस में ही प्रसव कराया।
कुछ ही मिनटों में महिला ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। प्राथमिक देखभाल के बाद जच्चा और बच्चा दोनों को पुनः सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने दोनों को पूरी तरह स्वस्थ बताया है। 108 एंबुलेंस के जिला प्रबंधक दीपक साहू ने बताया कि वर्तमान में जिले में 108 संजीवनी एक्सप्रेस की 10 एंबुलेंस संचालित हैं, जिनमें सभी कर्मचारी प्रशिक्षित हैं और आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी मेडिकल इमरजेंसी में 108 नंबर डायल कर निश्शुल्क सेवा का लाभ लें। स्थानीय लोगों और स्वजनों ने इस मानवीय और त्वरित कार्रवाई के लिए 108 टीम की जमकर सराहना की। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि सही समय पर मिली सहायता कई जिंदगियां बचा सकती है।

