एक माह में समस्याओं के समाधान की उम्मीद, नहीं होने पर आंदोलन पर विचार : अमिताभ वाजपेयी
- DSS Admin
- Jun 25, 2026
कानपुर, 25 जून (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश के कानपुर शहर की जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि एक माह के भीतर संतोषजनक प्रगति नहीं हुई तो नगर निगम मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
यह बातें गुरुवार को आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त से मुलाकात के दौरान कहीं। विधायक अमिताभ बाजपेयी ने नगर आयुक्त को आर्यनगर विधानसभा समेत शहर की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराते हुए उनके त्वरित निस्तारण की मांग की। उन्होंने सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सीवर, पार्कों के रखरखाव, आवारा कुत्तों की समस्या और पार्किंग व्यवस्था समेत कई मुद्दे उठाए।
उन्होंने लंबित जलापूर्ति परियोजनाओं, डॉट नालों के सुदृढ़ीकरण, मालवीय पार्क बारातशाला के पुनर्निर्माण, चुन्नीगंज कन्वेंशन सेंटर के संचालन, फूलबाग फल मंडी अग्निकांड से प्रभावित दुकानों के पुनर्निर्माण तथा घंटाघर चौराहे के सौंदर्यीकरण की मांग भी रखी। बैठक के दौरान विधायक ने सीएम ग्रिड रोड परियोजना में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान पेयजल, सीवर और केस्को की लाइनों को नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही विकास कार्यों की स्वीकृति, टेंडर और वर्क ऑर्डर प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने की मांग की।
अमिताभ बाजपेयी ने वार्डों में सफाई कर्मचारियों और कूड़ा गाड़ियों की संख्या बढ़ाने, पुलों और फ्लाईओवरों पर उगे जंगली पेड़-पौधों को हटाने तथा खुले कूड़ाघरों के आधुनिकीकरण की मांग की। उन्होंने धार्मिक यात्राओं के मार्गों की मरम्मत, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और पेयजल संकट के समाधान पर भी जोर दिया।
विधायक ने हीरामन पुरवा स्थित नगर निगम गर्ल्स इंटर कॉलेज और बांसमंडी के होम्योपैथिक अस्पताल जैसे जर्जर भवनों को ध्वस्त कर मलबा हटाने, उर्सला अस्पताल के पीछे पार्किंग व्यवस्था बहाल करने तथा लंबित परियोजनाओं को पूरा कराने की मांग उठाई। साथ ही नाना राव पार्क में महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने की बात कही।
नगर आयुक्त ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए विभागों को एक माह का समय दिया जा रहा है। निर्धारित अवधि में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नगर निगम मुख्यालय पर आंदोलन किया जाएगा। बैठक में नीरज सिंह, मो. सारिया, फैजान रहमान, रजत बाजपेई, जावेद अख्तर गुड्डू, अनवर अली, विकास गुप्ता, सुरभित जायसवाल, दुर्गेश चक, बाबी एहसास, चंकी गुप्ता, प्रशांत मोहन जायसवाल, पुण्य जैन, आकाश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।

