आगामी चुनावाें में फिर चारों खाने चित होगा सपा और कांग्रेस का इंडी गठबंधन : अनुप्रिया पटेल
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
सुलतानपुर, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर मे केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री और अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सपा और कांग्रेस का इंडी गठबंधन पहले भी चुनाव लड़ चुका है और जनता इसके नतीजे देख चुकी है। इसलिए आगामी विधानसभा चुनाव में यह इंडी गठबंधन एक बार फिर चारों खाने चित होगा।
केंद्रीय मंत्री पटेल शहर स्थित सभागार में आयोजित कार्यकर्ता समागम में शामिल होने पहुंची थी। उन्हाेंने कहा कि एनडीए गठबंधन मजबूती के साथ एक है और मिल जुल कर चुनाव लड़ेगा। कार्यकर्ता समागम में उन्हाेंने कार्यकर्ताओं के साथ संगठन विस्तार और मजबूती के लिए विस्तार से चर्चा की। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की एक बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणियों के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री ने सभी राजनीतिक दलों को मर्यादा में रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा हम सब अलग-अलग राजनीतिक दलों के लोग हो सकते हैं, लेकिन हमारी लड़ाई वैचारिक होनी चाहिए। राजनीतिक दलों को एक-दूसरे से केवल वैचारिक स्तर पर ही मुकाबला करना चाहिए। किसी का भी परिवार हो, किसी का भी बच्चा हो या किसी की भी बिटिया हो, हम सब एक समाज और परिवार का हिस्सा हैं। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि देश के भीतर जातीय जनगणना चल रही है। उन्होंने कहा, 1931 के बाद पहली बार अलग-अलग जाति समुदायों की क्या संख्या है, इसके अधिकृत आंकड़े सरकार के पास आएंगे। जब ये आंकड़े सामने होंगे, तो सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े समुदायों के विकास के लिए नीतियां और बेहतर ढंग से निर्धारित की जा सकेंगी।
---------------

