हाट्टन रोड अतिक्रमण हटाओ अभियान में आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स की भागीदारी
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
पश्चिम बर्दवान, 15 जून (हि. स.)। आसनसोल हाट्टन रोड में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से सचिव शम्भु नाथ झा ने नेतृत्वकारी भूमिका निभाई और अभियान की गतिविधियों पर नजर रखी।
अभियान के दौरान उस समय मौजूद लोगों में आश्चर्य का माहौल बन गया जब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच एक दुकान से एयरकंडीशनर निकला। इसे लेकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई।
इस संबंध में आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शम्भु नाथ झा ने कहा कि हाट्टन रोड शहर का महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्र है और यहां लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या बनी हुई थी। उन्होंने कहा कि सड़क और फुटपाथ को व्यवस्थित रखने के लिए सभी व्यापारियों को नियमों का पालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों को प्रशासन के साथ सहयोग करना चाहिए ताकि बाजार क्षेत्र को सुचारु, सुरक्षित और आम लोगों के लिए सुविधाजनक बनाया जा सके। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि इस अभियान के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियां अधिक व्यवस्थित होंगी।
---------------

