सिमराही अग्निकांड के पीड़ितों की मदद को बढ़े समाजसेवी, राहत सामग्री बांटकर दिया सहारा
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
सुपौल, 15 जून (हि.स.)। जिले के राघोपुर प्रखंड के सिमराही में रविवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सामाजिक स्तर पर भी पहल शुरू हो गई है।
सोमवार को समाजसेवी सचिन माधोगड़िया ने पीड़ितों के बीच पहुंचकर राहत सामग्री का वितरण किया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सुबह करीब 11 बजे आयोजित राहत वितरण कार्यक्रम में अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को साड़ी, लुंगी, बेडशीट और राशन किट उपलब्ध कराई गई।
हाल ही में लगी भीषण आग में कई परिवारों के घरों के साथ-साथ अनाज, कपड़े और रोजमर्रा के उपयोग का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया था, ऐसे में यह सहायता उनके लिए तत्काल राहत का माध्यम बनी।
इस मौके पर सचिन माधोगड़िया ने कहा कि विपत्ति की घड़ी में जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करने का प्रयास जारी रहेगा। राहत वितरण अभियान में समाजसेवी उमेश गुप्ता, प्रशांत वर्मा और श्याम सरदार ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाई और उनका हालचाल जाना।
स्थानीय लोगों ने समाजसेवियों की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कठिन समय में समाज के सहयोग से पीड़ित परिवारों को संबल मिलता है और उन्हें विपरीत परिस्थितियों से उबरने का हौसला मिलता है।

