जोधपुर, 10 जून (हि.स.)। फलोदी की जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने एमडीएमए फैक्ट्री प्रकरण के मुख्य आरोपी और सरगना धर्माराम डारा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 21 मई को हुए फैक्ट्री खुलासे के बाद से फरार चल रहा था।
एसपी सतनाम सिंह ने बताया कि गत 21 मई को फलोदी डीएसटी और बाप थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोडकिया गांव में एक ट्यूबवेल पर चल रही अवैध एमडीएमए ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। इस दौरान मौके से आरोपी सुखराम को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मुख्य आरोपी डारो की ढाणी डाबलिया, विश्नावास, थाना लोहावट निवासी धर्माराम डारा पुत्र राजूराम की तलाश जारी थी। हाल ही में उसके घर आने की सूचना मिली। इस पर एएसपी फलोदी ब्रजराजसिंह चारण और सीओ लोहावट नगेन्द्र कुमार के सुपरविजन में डीएसटी फलोदी प्रभारी प्रदीप एएसआई के नेतृत्व में एक टीम ने धर्माराम के घर दबिश दी। आरोपी को वहीं से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार धर्माराम को जांच अधिकारी भोजासर थानाधिकारी जमील खान को सौंप दिया गया है। पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है और मामले में जांच जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी धर्माराम का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। वह पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ पुलिस थाना रानी में अवैध डोडा पोस्त परिवहन का एक मामला दर्ज है। कार्रवाई में डीएसटी फलोदी प्रभारी प्रदीप एएसआई की विशेष भूमिका रही।

