जींद : प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास व आत्मनिर्भरता की लिखी नई इबारत: कृष्ण कुमार बेदी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कृष्ण बेदी।


जींद, 10 जून । हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी, निर्णायक और जनकल्याणकारी नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है और वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी तथा प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 12 वर्षों में भारत ने विकास व विश्वास, जन कल्याण व सुशासन और आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिखी है।

मंत्री कृष्ण कुमार बेदी बुधवार को गुरुद्वारा सिंह सभा में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सरकार की जनहितकारी योजनाओं ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। इस दौरान उन्होंने गुरूद्वारा सिंह सभा में माथा टेक कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ्य जीवन एवं लंबी उम्र की कामना की और संस्था द्वारा लगाई गई छबील में आमजन को पानी पिलाकर सेवा भी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, किसान सम्मान निधि तथा डिजिटल इंडिया जैसी ऐतिहासिक योजनाओं ने करोड़ों भारतीयों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर उन्हें सम्मानजनक और बेहतर जीवन प्रदान किया है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश नई आशा, नए अवसर और नए संकल्प के साथ विकास, सुरक्षा और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। कार्यक्रम में गुरुद्वारा सिंह सभा के पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री को सिरोपा और तलवार भेंट कर सम्मानित किया।

---------------

   

सम्बंधित खबर