
जींद, 10 जून । शहर थाना पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप गाड़ी को काबू कर उसमें से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर दो आरोपितों को काबू किया है। पुलिस ने आरोपितों से शराब से संबंधित कागजात मांगे तो वो दिखाने में नाकामयाब रहे। जिस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
शहर थाना प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली कि रोहतक रोड की ओर से एक बंद बॉडी बोलेरो पिकअप गाड़ी में अवैध शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने छोटा रेलवे स्टेशन अंडरपास के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। नाकाबंदी के दौरान मिली सूचना अनुसार बोलेरो पिकअप गाड़ी को रोक कर जांच की गई तथा उसमें सवार व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों की पहचान अमित व अजय के रूप में बताई। बुलेरो गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें 162 पेटियां अवैध शराब बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 48 पव्वे पाए गए। जिनकी कुल संख्या 7,776 पव्वे (लगभग 1,944 बोतल) थी। आरोपितों से शराब संबंधी परमिट, प्रस्तुत करने को कहा गया परंतु आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वाहन की वास्तविक पहचान छिपाने के लिए बुलेरो गाड़ी के इंजन एवं चेसिस नंबर को भी किसी नुकीली वस्तु से मिटाने का प्रयास किया गया है। पुलिस द्वारा नियमानुसार शराब व बुलेरो गाड़ी को कब्जे में लिया गया तथा थाना शहर जींद में आरोपितों अमित व अजय के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
---------------

