प्रभारी मंत्री रामचंद्र प्रसाद पहुंचे अररिया,एनडीए कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
- DSS Admin
- May 19, 2026
अररिया 19 मई(हि.स.)। बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री सह अररिया जिला के प्रभारी मंत्री रामचंद्र प्रसाद के पहली बार मंगलवार को अररिया पहुंचने पर ं सर्किट हाउस में एनडीए के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत फूल माला और बुके के साथ किया। भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा और जदयू जिलाध्यक्ष पवन मिश्रा के नेतृत्व में भाजपा और जदयू के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
अररिया के जिला प्रभारी मंत्री बनने के बाद रामचंद्र प्रसाद पहली बार अररिया पहुंचे थे,जहां उन्होंने सर्किट हाउस में एनडीए के कार्यकर्ताओं के साथ परिचय प्राप्त करने के बाद जिले की समस्या और समाधान को लेकर विचार विमर्श किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं को धरातल पर पहुंचाना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेवारी है।साथ ही उन्होंने वर्षा के मौसम में नेपाल की पहाड़ी नदियों के माध्यम से अररिया जिला में आने वाले बाढ़ और सुखाड़ से निजात दिलाने को अपनी प्राथमिकता करार दिया।
मौके पर बड़ी संख्या में एनडीए के कार्यकर्ता मौजूद थे।

