गुवाहाटी में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार के प्रयास तेज
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
गुवाहाटी, 04 जुलाई (हि.स.)। असम सरकार ने मानसून के दौरान गुवाहाटी में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में आवास एवं शहरी कार्य मंत्री कौशिक राय ने शनिवार सुबह जालुकबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मालीगांव और आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर नालों, जल निकासी व्यवस्था तथा जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी), जीएमडीए, भारतीय रेल, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि भारी बारिश के दौरान शहरवासियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने इस अभियान की सफलता के लिए आम जनता के सहयोग को भी आवश्यक बताया।
निरीक्षण के दौरान आवास एवं शहरी कार्य विभाग की आयुक्त एवं सचिव कविता पद्मनाभन, जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंबातुन एम.पी., जीएमसी आयुक्त चिन्मय फूकन तथा अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
----------

