असम में शुरू हुआ माचा चाय का व्यावसायिक उत्पादन, देश का पहला राज्य बना

गुवाहाटी, 03 जुलाई (हि.स.)। असम ने चाय उद्योग में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए भारत का पहला राज्य बनने का गौरव प्राप्त किया है, जहां माचा चाय का व्यावसायिक उत्पादन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए बताया कि तिनसुकिया जिले के छोटा तिंगराई टी एस्टेट में माचा चाय का व्यावसायिक उत्पादन प्रारंभ कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि असम की गौरवशाली चाय विरासत को नई पहचान देने के साथ-साथ राज्य के चाय उद्योग में विविधीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि वैश्विक स्तर पर तेजी से लोकप्रिय हो रही माचा चाय के उत्पादन से अंतरराष्ट्रीय बाजार में 'असम टी' ब्रांड को और मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि यह सफलता भारत-जापान के बीच एक दशक से अधिक समय से चल रहे सहयोग का परिणाम है। इस साझेदारी के तहत जापान की उन्नत तकनीक, विशेषज्ञता और माचा उत्पादन से संबंधित आधुनिक मशीनरी असम पहुंची, जिससे राज्य में व्यावसायिक स्तर पर माचा चाय का उत्पादन संभव हो सका।

मुख्यमंत्री के अनुसार, असम में तैयार माचा चाय की पहली खेप गुवाहाटी टी ऑक्शन सेंटर में 13,000 रुपये की कीमत पर बिकी, जो इस प्रीमियम उत्पाद की मजबूत बाजार मांग को दर्शाती है। उन्होंने इसे भारत-जापान सहयोग की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि यह पहल चाय उत्पादकों के लिए नए अवसर सृजित करेगी और वैश्विक चाय बाजार में असम की पहचान को और अधिक सशक्त बनाएगी।

---------------------

   

सम्बंधित खबर