विकास कार्यों, परिवहन, खेल सुविधाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों के समाधान का आश्वासन, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
- Neha Gupta
- Jun 19, 2026

जम्मू, 19 जून । जम्मू-कश्मीर सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, युवा सेवा एवं खेल तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सतिश शर्मा ने शुक्रवार को हंदवाड़ा और ड्रगमुल्ला का व्यापक दौरा कर जनसंवाद एवं जनदरबार कार्यक्रमों की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। राज्यसभा सदस्य चौधरी मोहम्मद रमजान भी इस अवसर पर उनके साथ मौजूद रहे।
हंदवाड़ा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, जनप्रतिनिधि, युवा, नागरिक समाज के सदस्य, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि और अन्य हितधारक शामिल हुए। लोगों ने मंत्री के समक्ष क्षेत्र के विकास और जनसेवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। इनमें हायर सेकेंडरी स्कूल हंदवाड़ा के खेल मैदान में सोलर लाइट लगाने, अतिरिक्त बस सेवाएं शुरू करने, सड़क संपर्क बेहतर बनाने, नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने, युवाओं के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार करने तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग प्रमुख रही।
मंत्री सतिश शर्मा ने सभी मांगों और शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित शासन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनता से सीधे संवाद के माध्यम से प्रशासन को लोगों की वास्तविक जरूरतों और अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिलता है जिससे समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक मामलों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अपने संबोधन में मंत्री ने बढ़ते नशे के प्रकोप पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे समाज के सामने सबसे गंभीर चुनौतियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि नशाखोरी युवाओं के भविष्य, परिवारों और सामाजिक ताने-बाने के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों, धार्मिक नेताओं, सामाजिक संगठनों और युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार नहीं बल्कि पूरे समाज की सहभागिता से ही जीती जा सकती है।
मंत्री ने युवाओं को खेल, शिक्षा और कौशल विकास जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की सलाह देते हुए कहा कि यही गतिविधियां उनके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि जम्मू-कश्मीर के प्रत्येक क्षेत्र को समान विकास का अधिकार है और सरकार जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

