व्हाट्सऐप चैटबॉट के जरिए आयुष्मान सारथी से घर बैठे बनेगा आयुष्मान कार्ड
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
सारण, 02 जुलाई (हि.स.)। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों के लिए अब सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण ने आयुष्मान सारथी नाम से आधिकारिक व्हाट्सऐप चैटबॉट सेवा शुरू की है। इसके माध्यम से जिले लाभार्थी 24 घंटे अपने मोबाइल से ही योजना की विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
इसके जरिए लोग घर बैठे अपनी पात्रता जांचने, नया आयुष्मान कार्ड बनाने, कार्ड डाउनलोड करने, ई-केवाईसी कराने और इलाज का पूरा रिकॉर्ड देखने जैसी सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा, नजदीकी सूचीबद्ध अस्पतालों की जानकारी और 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए आयुष्मान वयो वंदना कार्ड की जानकारी भी यहाँ उपलब्ध होगी।
सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी ने बताया कि यह डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। इस प्लेटफॉर्म के जरिए मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अपना फीडबैक भी दे सकते हैं और अपनी शिकायतों का त्वरित निवारण भी पा सकते हैं। लाभार्थी अपने मोबाइल में +91 72908 23838 नंबर सेव कर व्हाट्सऐप पर Hi लिखकर भेजें। इसके बाद चैटबॉट स्वतः सक्रिय हो जाएगा और इसके बाद आप सेवा का विकल्प चुन सकेंगे।
---------------

