कोरम के अभाव में नहीं हो सका पंचायत समिति सुंदरनगर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव

मंडी, 19 जून (हि.स.)। मंडी जिला की पंचायत समिति सुंदरनगर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए शुक्रवार को निर्धारित चुनाव कोरम के अभाव में संपन्न नहीं हो सका। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि पंचायत समिति सुंदरनगर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के रिक्त पदों को भरने के लिए आज विशेष बैठक बुलाई गई थी। नियमानुसार बैठक की कार्यवाही संचालित करने के लिए 16 निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों में से कम से कम 11 सदस्यों की उपस्थिति आवश्यक थी, लेकिन बैठक में कोई भी पंचायत समिति सदस्य उपस्थित नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि आवश्यक कोरम पूरा न होने के कारण अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया संपन्न नहीं करवाई जा सकी। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार पंचायत समिति सुंदरनगर के सदस्यों की पुनः बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव करवाया जाएगा। एसडीएम ने सभी संबंधित पंचायत समिति सदस्यों से आगामी बैठक में निर्धारित समय पर उपस्थित होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया।

---------------

   

सम्बंधित खबर