बांदा, 03 जुलाई (हि.स.)। तालाब में नहाने गया बालक गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमाार्टम के लिए भेज दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरेह गांव निवासी रामबाबू ने बताया कि उसका 12 वर्षीय पुत्र अंश घर के नजदीक स्थित तालाब में शुक्रवार को नहाने गया था। तभी उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जब वह काफी देर तक घर नही पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नही चला। कुछ देर बाद एक बालक अंश के घर पहुंचा और बताया कि उसके कपड़े तालाब के भीटे में उतरे रखे है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने गोताखोरों के माध्यम से उसकी खोजबीन करवाई। करीब तीन घंटे बाद उसका शव पानी से बाहर निकाला गया। परिजनों ने जीवित होने की आशंका पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते घरवालो में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सुपुर्द कर दिया गया है।
---------------

