बेलदा को नगरपालिका बनाने की घोषणा, क्षेत्र में खुशी की लहर
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
पश्चिम मेदिनीपुर, 22 जून (हि. स.)। जिले के बेलदा क्षेत्र को नगरपालिका का दर्जा दिए जाने की घोषणा के बाद इलाके में उत्साह का माहौल है। राज्य सरकार ने बजट अधिवेशन के दौरान बेलदा को नगरपालिका बनाए जाने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी देने की घोषणा की, जिससे लंबे समय से चली आ रही स्थानीय लोगों की मांग पूरी होती नजर आ रही है।
बेलदा क्षेत्र के निवासी पिछले कई वर्षों से इलाके को नगरपालिका क्षेत्र में शामिल करने की मांग कर रहे थे। क्षेत्र में लगातार बढ़ती आबादी, व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार तथा तेजी से बढ़ते शहरी विकास को देखते हुए यह मांग लगातार जोर पकड़ रही थी। विधायक रमा प्रसाद गिरी ने कहा कि बेलदा को नगरपालिका का दर्जा मिलना क्षेत्र के विकास और जनता की जीत है।
राज्य सरकार की घोषणा के बाद रविवार से ही बेलदा बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों के बीच खुशी देखी जा रही है। स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
स्थानीय होटल मालिक समीरन बिस्वास का कहना है कि नगरपालिका का दर्जा मिलने के बाद इलाके में नागरिक सुविधाओं के विकास को नई गति मिलेगी। विशेष रूप से पेयजल आपूर्ति, जल निकासी व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है।
क्षेत्र के कई सामाजिक संगठनों ने भी इस घोषणा का स्वागत किया है। उनका कहना है कि नगरपालिका बनने से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और विकास योजनाओं का लाभ सीधे स्थानीय लोगों तक पहुंच सकेगा।
---------------

