बंगाल टूरिज्म को वैश्विक पहचान दिलाने का लक्ष्य - शंकर घोष
- DSS Admin
- Jun 12, 2026
सिलीगुड़ी, 12 जून (हि. स.)। राज्य के नए पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने पदभार संभालते ही सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। मंत्री बनने के बाद पहली बार शुक्रवार को बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के पर्यटन को विश्व स्तर पर पहचान दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि पर्यटन विभाग और संसदीय कार्य विभाग आम लोगों की राय के आधार पर काम करेंगे। उनका लक्ष्य है कि अगले तीन महीनों के भीतर पर्यटन क्षेत्र में ठोस बदलाव दिखाई दे।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहाड़, समुद्र और जंगल—तीनों तरह के पर्यटन स्थल मौजूद है, जिन्हें और बेहतर तरीके से विकसित किया जाएगा। साथ ही पर्यटन को सिर्फ उच्च वर्ग तक सीमित न रखकर निम्न आय वर्ग के लोगों को भी इससे जोड़ने की योजना है। पश्चिम बंगाल के पर्यटन उद्योग में मौजूद समस्याओं को दूर करने पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि सभी सुधार कानून के दायरे में रहकर ही किए जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि भारत के पर्यटन को वैश्विक मंच पर मजबूती से पेश करने में पश्चिम बंगाल अहम भूमिका निभाएगा। सरकार की इस पहल को राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे न केवल राज्य बल्कि देश के पर्यटन उद्योग को भी नई दिशा मिल सकती है।

