जोधपुर, 10 जून (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा जोधपुर मंडल के समदडी-लूनी रेलखण्ड के मध्य सतलाना यार्ड में समपार फाटक संख्या 227 पर आरयूबी निर्माण कार्य ब्लॉक जा रहा है। ब्लॉक के कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार उपरोक्त कार्य के कारण गाड़ी संख्या 74839 भगत की कोठी-बाड़मेर रेलसेवा 14 व 21 जून और गाड़ी संख्या 74840 बाड़मेर-भगत की कोठी रेलसेवा 15 व 22 जून को रद्द रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 14896 बाड़मेर-भगत की कोठी रेलसेवा जो 14 व 21 जून को बाड़मेर से प्रस्थान करेगी वह समदडी तक ही संचालित होगी।
अर्थात् यह रेलसेवा समदडी-भगत की कोठी के मध्य आंशिक रद्द रहेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 14893 भगत की कोठी-बाडमेर रेलसेवा 14 व 21 जून को भगत की कोठी के स्थान पर समदड़ी से प्रस्थान करेगी। अर्थात् यह रेलसेवा भगत की कोठी-समदडी के मध्य आंशिक रद्द रहेगी।
मार्ग परिवर्तित रेलसेवाएं
गाड़ी संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती रेलसेवा जो 14 व 21 जून को जैसलमेर से प्रस्थान करेगी वह परिवर्तित मार्ग वाया लूनी-मारवाड-महेसाना होकर संचालित होगी। परिवर्तित मार्ग में यह रेलसेवा पाली मारवाड, मारवाड जं., रानी, फालना, सुमेरपुर जवाई बांध, पिंडवाडा, आबूरोड, पालनपुर, सिद्धपुर व ऊंझा स्टेशनों पर ठहराव करेगी तथा मार्ग परिवर्तन के कारण यह रेलसेवा दुदाडा, समदडी, मोकलसर, जालोर, मोदरान, मारवाड भीनवाल, रानीवाडा, धनेरा, भीलडी व पाटन स्टेशनों पर ठहराव नहीं करेगी।
गाड़ी संख्या 20486 साबरमती-जैसलमेर रेलसेवा जो 14 व 21 जून को साबरमती से प्रस्थान करेगी वह परिवर्तित मार्ग वाया महेसाना-मारवाड-लूनी होकर संचालित होगी। परिवर्तित मार्ग में यह रेलसेवा ऊंझा, सिद्धपुर, पालनपुर, आबूरोड, पिंडवाडा, सुमेरपुर जवाईबांध, फालना, रानी, मारवाड जं. व पाली मारवाड स्टेशनों पर ठहराव करेगी तथा मार्ग परिवर्तन के कारण यह रेलसेवा पाटन, भीलडी, धनेरा, रानीवाडा, मारवाड भीनवाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदडी व दुदाडा स्टेशनों पर ठहराव नहीं करेगी।

