भाजपा करती है कार्यकर्ताओं का सम्मान : अभिषेक गुप्ता

खैराबाद नगर पालिका परिषद प्रांगण में मौजूद भाजपा कार्यकर्तास्वागत करते हुए सभासद गण

सीतापुर, 16 दिसम्बर (हि.स.)। पूर्व जिलाध्यक्ष, भाजपा नेता राकेश त्रिपाठी को भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय परिषद का सदस्य नामित किए जाने पर मंगलवार को उनके गृह क्षेत्र खैराबाद नगर में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला। सूचना मिलते ही पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाइयां दीं और इसे खैराबाद के लिए गौरव का क्षण बताया।

राकेश त्रिपाठी का राजनीतिक और संगठनात्मक सफर छात्र जीवन से शुरू हुआ। भारतीय जनता युवा मोर्चा में वह विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, सक्रियता और अनुभव को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान देना कार्यकर्ताओं के लिए सम्मान की बात मानी जा रही है।

मंगलवार शाम को नगर पालिका परिषद खैराबाद कार्यालय परिसर में उनका भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। खैराबाद नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता बबलू ने समर्थकों के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। भारत माता की जय के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

इस अवसर पर खैराबाद नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान केवल भाजपा में ही होता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता एवं विचारधारा आधारित पार्टी है कार्यकर्ताओं का सम्मान भारतीय जनता पार्टी हमेशा करती रही है। अभिषेक गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय परिषद में श्री त्रिपाठी का मनोनयन पूरे खैराबाद के लिए बड़ी उपलब्धि है।

कार्यक्रम में सभासद, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विश्वास जताया कि राकेश त्रिपाठी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल होने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी और क्षेत्र की समस्याएं राष्ट्रीय स्तर पर उठेंगी। राकेश त्रिपाठी ने सभी का आभार जताते हुए पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

   

सम्बंधित खबर