फॉर्म पोंड में मिले मां और दाे साल के बेटे के शव

नागाैर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। डीडवाना-कुचामन जिले के मौलासर थाना क्षेत्र में सरदारपुरा खुर्द गांव में मां और उसके दो साल के बेटे का शव फॉर्म पोंड में मिला। सूचना पर मौलासर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव तालाब से निकाले।

मामले में महिला के घरवालों ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया है कि हत्या कर शवों को खेत में बने तालाब में फेंका गया है। तालाब में घुटनों तक पानी है, जिसमें सुसाइड करना मुमकिन नहीं लग रहा।

थानाधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि फोन पर सूचना मिली कि महिला प्रियंका (24) और उसके बेटे दिवांशु (2) की घर से 50 मीटर दूर खेत में बने पोंड में डूबने से मौत हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे और मां के शव को बाहर निकाला और डीडवाना के सरकारी बांगड़ अस्पताल लेकर आए। महिला के घरवालों (पीहर पक्ष) ने रिपोर्ट दी है।

प्रियंका की शादी दीपक (25) के साथ पांच साल पहले हुई थी। प्रियंका का पीहर डीडवाना-कुचामन जिले के चितावा थाना क्षेत्र के राजपुरा में है। पुलिस परिजनों और गांव वालों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता चल सकेगा।

प्रियंका के चाचा कमल ने बताया कि ससुराल वालों ने उनकी भतीजी और उसके बेटे की हत्या कर दोनों को बांधकर फार्म पोंड में डाल दिया। पोंड में केवल घुटनों तक ही पानी था। इतने पानी में आत्महत्या करना मुमकिन नहीं है।

पड़ोसियों ने ही फार्म पोंड में शव होने की सूचना पुलिस और परिजनों को दी थी। हम करीब दो घंटे बाद भतीजी के ससुराल पहुंचे थे। तब तक ससुराल वालों ने उसे निकालने का प्रयास भी नहीं किया था। मैं प्रशासन से न्याय की मांग करता हूं।

कमल ने बताया कि ससुराल वाले एक-डेढ़ साल से दहेज के लिए भी परेशान करते थे। मैं भी समझाने के लिए गया था। सास और पति दीपक हमारी भतीजी को परेशान कर रहे थे।

महिला प्रियंका के ससुराल में सास, ससुर और पति दीपक हैं। ससुराल पक्ष के लोग खेती करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

   

सम्बंधित खबर