दिनहाटा में तृणमूल नेताओं के घर पर बमबाजी और आगजनी का आरोप
- DSS Admin
- Jun 20, 2026
कूचबिहार, 20 जून (हि.स.)। जिले के दिनहाटा में एक बार फिर राजनीतिक तनाव गहराता दिख रहा है। देर रात पुटीमारी एक ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान और तृणमूल कांग्रेस के अंचल अध्यक्ष रफीकुल हक तथा उनकी पत्नी, वर्तमान पंचायत सदस्य शहनारा परवीन के घर पर बदमाशों ने हमला किया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हमलावरों का एक समूह घर को चारों ओर से घेर कर अंधाधुंध बमबाजी शुरू कर दिया। इलाके में दहशत फैलने के बीच आरोप है कि बदमाशों ने घर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा घर जलकर खाक हो गया। दमकल के पहुंचने से पहले ही घर का सारा सामान और जरूरी दस्तावेज पूरी तरह नष्ट हो चुके थे।
उधर इलाके के एक अन्य पंचायत सदस्य जाकिर हुसैन के घर में भी तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। लगातार दो जनप्रतिनिधियों के घर पर हमले से स्थानीय लोगों में भारी डर का माहौल है।राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि विधानसभा चुनाव के बाद से ही रफीकुल हक और उनकी पत्नी इलाके से बाहर रह रहे थे। इस हमले के पीछे पुरानी दुश्मनी या स्थानीय राजनीतिक रंजिश इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोपितों की तलाश में इलाके में लगातार छापेमारी की जा रही है।

