मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को काला झंडा दिखाने जा रहे युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला समेत कई कार्यकर्ता गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 02 जुलाई (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित दौरे से पहले जांजगीर-चांपा जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने की तैयारी कर रहे युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आज चाम्पा पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

जानकारी के अनुसार, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता बम्हनीडीह क्षेत्र के लिए रवाना होने की तैयारी में थे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कार्यक्रम के दौरान नकटी क्षेत्र में गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में युवा कांग्रेस काला झंडा दिखाकर विरोध प्रदर्शन करने की योजना बना रही थी।

पुलिस को इस विरोध प्रदर्शन की सूचना पहले ही मिल गई थी। इसके बाद चाम्पा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सभी को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया, जिससे प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन नहीं हो सका।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी कर दी गई थी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी।

युवा कांग्रेस का आरोप है कि नकटी क्षेत्र में गरीबों के मकानों पर हुई कार्रवाई के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही हिरासत में लेकर विरोध प्रदर्शन को रोक दिया।

फिलहाल चाम्पा पुलिस की ओर से मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस घटनाक्रम के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है और कांग्रेस नेताओं की ओर से पुलिस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया आने की संभावना जताई जा रही है।

   

सम्बंधित खबर