विश्व रक्तदाता दिवस पर सीआईएसएफ आईएसपी की तरफ से रक्तदान शिविर आयोजित
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
पश्चिम बर्दवान, 14 जून (हि. स.)। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) यूनिट आईएसपी बर्नपुर की ओर से रविवार को एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करना था।
यह रक्तदान शिविर सीआईएसएफ यूनिट आईएसपी बर्नपुर के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें टच आसनसोल वेलफेयर सोसाइटी एवं पश्चिम बर्दवान वॉलंटरी ब्लड डोनर्स सोसाइटी ने सहयोग किया।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं जवानों के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया।
इस अवसर पर डीसी वी. एस. सुरेन, एसी एन. पी. पुरिया, एसी गौरीनाथ तथा इंस्पेक्टर अनुपम दत्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आयोजक डीसी वी एस सुरेन ने कहा कि रक्तदान एक महादान है और एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई। डोनेट ब्लड सेव लाइफ तथा गिव ब्लड गिव लाइफ का संदेश दिया गया।
---------------

