नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित 35 वें तीन दिवसीय 'वार्षिक आम महोत्सव 2026' का शुक्रवार को दिल्ली हाट, जनकपुरी में शुभारंभ किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, आशीष सूद एवं मनजिंदर सिंह सिरसा भी उपस्थित रहे।
महोत्सव में आम की 400 किस्में जिनमें हुस्नआरा, रटौल, रामकेला, केसर, मल्लिका, अम्रपाली, फजली, हाथीझूल सहित अनेक प्रसिद्ध किस्में शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम केवल फलों का राजा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक परंपराओं और बचपन की अनगिनत यादों से जुड़ा एक भावनात्मक प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के समय में आयोजित आम महोत्सव नई पीढ़ी को उसी अनुभव और भारतीय विरासत से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर की विभिन्न किस्मों के आमों को एक ही स्थान पर प्रदर्शित करना और लोगों को उनका स्वाद चखने का अवसर उपलब्ध कराना भारतीय कृषि एवं सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय पहल है। उन्होंने दिल्लीवासियों, विशेषकर बच्चों एवं परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में आम महोत्सव में भाग लेकर इसका आनंद उठाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारतीय आम केवल एक फल या उपहार नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भी भारतीय आम अपनी गुणवत्ता और लोकप्रियता के कारण देश की पहचान को मजबूत कर रहा है तथा मैंगो डिप्लोमेसी के माध्यम से भारत के सांस्कृतिक और कूटनीतिक संबंधों को भी नई पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का पर्यटन विभाग राजधानी को देश के प्रमुख पर्यटन एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि देशभर से आम उत्पादक भी इसमें भाग ले रहे हैं। यहां केवल विभिन्न प्रकार के आमों का स्वाद ही नहीं मिलेगा, बल्कि आम की खेती, उत्पादन और विभिन्न किस्मों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। बच्चों और परिवारों के लिए 'यह आम खाने के साथ ही आम के बारे में सीखने' का भी बड़ा अवसर है।
कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली को ट्रांजिट सिटी से 'टूरिस्ट डेस्टिनेशन सिटी' के रूप में विकसित किया जा रहा है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित किया जा रहा है। दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम की ओर से 'डबल डेकर बस सेवा शुरू की गई है। दिल्ली दर्शन बस सेवा को पुनः शुरू किया गया है। यमुना नदी में मानसून सत्र के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रूज़ अनुभव भी दिल्लीवासियों और पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इससे दिल्ली पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को राजधानी के नए आकर्षण देखने का अवसर मिलेगा।
---------------

